अखिल भारतीय संस्कृति परिषद की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन


दुर्गापुर ( तारकेश्वर राय): औद्योगिक नगरी दुर्गापुर की प्रतिष्ठित एवं अग्रणी सांस्कृतिक संस्था 'अखिल भारतीय संस्कृति परिषद' की वार्षिक महासभा रविवार को अत्यंत हर्षोल्लास और भव्य वातावरण में संपन्न हुई। इस गरिमामयी आयोजन में संस्था की गौरवशाली उपलब्धियों का स्मरण करने के साथ-साथ आगामी कार्यकाल (2026-2028) के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से संस्था के आय-व्यय के विवरण के साथ हुआ कोषाध्यक्ष अनोज कुमार भारती ने पिछले कार्यकाल का विस्तृत ब्योरा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया।महामंत्री उपेन्द्र नाथ मिश्र ने पिछले सत्र की गतिविधियों, उपलब्धियों और कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट पढ़कर सुनाई, जिसे सदस्यों ने सराहा।चुनाव अधिकारियों की देखरेख में हुई लोकतांत्रिक और सुगम प्रक्रिया के तहत सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। अध्यक्ष मनोज कुमार राय एंव महामंत्री अनोज कुमार भारती अब नवनिर्वाचित पदाधिकारी है.जैसे ही नामों की घोषणा हुई, पूरा सभागार करतल ध्वनि से गूंज उठा. इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने संबोधन में कहा कि यह पद केवल दायित्व नहीं, बल्कि हमारी साझा संस्कृति और साहित्य के संवर्धन का एक पवित्र यज्ञ है। हमारी यह संस्था आने वाले दिनों में संस्कृति और साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए पहले से भी अधिक सक्रियता और ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।कार्यक्रम के अंत में औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा का समापन हुआ। इसके पश्चात आयोजित पारंपरिक लिट्टी-चोखा के स्वादिष्ट भोज ने इस आयोजन में चार चांद लगा दिए। इस सामूहिक भोज ने औपचारिक सभा को एक गर्मजोशी से भरे पारिवारिक मिलन में बदल दिया।अखिल भारतीय संस्कृति परिषद ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि संस्कृति केवल मंच की प्रस्तुति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी सौहार्द, अपनत्व और साझा जिम्मेदारी का जीवंत प्रतीक है। दुर्गापुर वासियों को पूरी उम्मीद है कि इस नई ऊर्जावान कमिटी के नेतृत्व में शहर की सांस्कृतिक विरासत और अधिक गौरवशाली ऊंचाइयों को छुएगी।
Click Here to Visit
What's Your Reaction?